पिथौरा। आज शाम 5 बजे गांव में आयोजित बैठक के दौरान जमकर हंगामा होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लखन सिन्हा ने बैठक के दौरान ग्रामीणों के साथ विवाद करते हुए एक महिला के बाल पकड़कर खींचे और उसकी साड़ी खींचकर उसे अपमानित किया। इस घटनाक्रम से गांव में तनाव का माहौल निर्मित हो गया।

ग्रामीणों के अनुसार, बैठक के दौरान कुछ लोगों को कथित तौर पर शराब पिलाकर हंगामा कराया गया। आरोप है कि इस दौरान लखन सिन्हा द्वारा पूरे गांव के लोगों को अपमानित किया गया। साथ ही कथित तौर पर यह भी कहा गया कि "पुलिस मेरा कुछ नहीं कर सकती।"

घटना के बाद आक्रोशित लगभग 300 से अधिक ग्रामीण चौकी पहुंचे और मामले की सूचना देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन एवं पुलिस अधीक्षक (SP) से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक बैठक में महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार और पूरे गांव को अपमानित किए जाने की घटना बेहद गंभीर है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की अपील की है।

अब ग्रामीणों की निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।