पिथौरा/भुरकोनी। ग्राम भुरकोनी में सार्वजनिक बैठक के दौरान एक आदिवासी महिला के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़िता यशोदा बाई भोई ने लखन सिन्हा पर बाल पकड़कर खींचने, साड़ी खींचने और जमीन पर घसीटने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। मामले को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद पहुंचीं और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की।
पीड़िता के अनुसार, 25 अक्टूबर को ग्राम भुरकोनी के दुर्गा चौक में आयोजित सार्वजनिक बैठक के दौरान उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि बाल और साड़ी पकड़कर खींचने के साथ उन्हें जमीन पर घसीटा गया। इस दौरान जातिसूचक गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना का विरोध करने वाले ग्रामीणों के साथ भी मारपीट किए जाने की शिकायत सामने आई है।
आदिवासियों के प्रति ऐसा ही रवैया रहता है : सरपंच
ग्राम पंचायत भुरकोनी की सरपंच सरिता राज सिंह दीवान ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इन लोगों का हमेशा आदिवासियों के प्रति यही रवैया रहता है। आदिवासियों को कुछ नहीं समझते। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी लखन सिन्हा के बेटे द्वारा उनके खिलाफ गला काटकर फेंक देने की धमकी दी गई थी।
सरपंच ने कहा कि आदिवासी समाज के लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
300 से अधिक ग्रामीण पहुंचे चौकी, महिलाओं ने एसपी कार्यालय में सौंपा आवेदन
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस चौकी बुंदेली पहुंचे थे। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग 300 से अधिक लोगों ने चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई।
सोमवार को पीड़िता सहित अन्य महिलाएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद पहुंचीं। यहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की गई।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जाएं तथा उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़िता एवं शिकायतकर्ता ग्रामीणों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग भी की गई है।
अतिरिक्त एसपी ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कार्रवाई जरूर होगी। दोषियों के ऊपर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पीड़िता और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि आदिवासी समाज की महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े इस मामले में प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि तथा पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
भुरकोनी में आदिवासी महिला से मारपीट का आरोप, न्याय की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचीं महिलाएं
सार्वजनिक बैठक में बाल और साड़ी पकड़कर खींचने का आरोप, सरपंच ने कहा- आदिवासियों को कुछ नहीं समझते, अतिरिक्त एसपी
Continue With Google
Comments (0)