पिथौरा। श्रीराम मंदिर निर्माण स्थल, ठाकुरदिया खुर्द में मंगलवार को सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ का भक्तिमय आयोजन संपन्न हुआ। जय बजरंग मानस परिवार, खैरखूंटा द्वारा संगीतमय भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। बड़ी संख्या में रामभक्तों ने शामिल होकर प्रभु श्रीराम एवं बजरंग बली की आराधना की और पुण्य लाभ अर्जित किया। भजन-कीर्तन और पाठ से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

सनातन चेतना संस्थान समिति के आमंत्रण पर सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा एवं छ .ग जर्नलिस्ट यूनियन के जिलाध्यक्ष बलराज नायडू विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ में सहभागिता की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने के साथ ही समाज में भक्ति, सेवा और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों को अपनी आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है और समाज में आपसी प्रेम, एकता एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, त्याग, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है, वहीं बजरंग बली का जीवन अटूट भक्ति, साहस, निष्ठा और समर्पण का प्रतीक है। हमें प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज और जनकल्याण के कार्यों में योगदान देना चाहिए। उन्होंने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने एक साथ पंगत में बैठकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। धार्मिक आस्था, भक्ति और सामाजिक सद्भाव के संदेश के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।