पिथौरा। विकासखंड पिथौरा की ग्राम पंचायत डुमरपाली में पदस्थ महिला रोजगार सहायक प्रेमशीला प्रधान के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। रोजगार सहायक को बर्खास्त करने की मांग को लेकर गुरुवार 23 अक्टूबर को सैकड़ों ग्रामीणों ने थाना चौक से रैली निकालकर जनपद पंचायत पिथौरा का घेराव किया और परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले में ग्रामीणों और महिला रोजगार सहायक के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी को सौंपे आवेदन में बताया कि महिला रोजगार सहायक प्रेमशीला प्रधान के विरुद्ध मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत के समक्ष शिकायत की गई थी। इसके बावजूद आज तक न तो जांच प्रतिवेदन की प्रति उपलब्ध कराई गई और न ही कोई ठोस विभागीय कार्रवाई हुई। इससे नाराज ग्रामीणों ने जनपद पंचायत पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और रोजगार सहायक को बर्खास्त करने की मांग उठाई।
सीईओ बोले- बर्खास्तगी मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर
मामले में जनपद पंचायत पिथौरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सनथ महादेवा ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद महिला रोजगार सहायक का गांव से अन्य स्थान पर स्थानांतरण कर दिया गया है। ग्रामीण उन्हें बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन बर्खास्तगी की कार्रवाई उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है।
महिला रोजगार सहायक ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
वहीं, महिला रोजगार सहायक प्रेमशीला प्रधान ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों के बीच अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उनका आरोप है कि ग्राम पंचायत में लगभग 10 से 15 ऐसे घर हैं, जिनका निर्माण नहीं हुआ है, लेकिन सरपंच और आवास मित्र की मिलीभगत से 95 हजार रुपये की राशि निकाल ली गई है।
प्रेमशीला प्रधान के अनुसार, इस मामले को लेकर बैठक कर उन पर मजदूरों का भुगतान करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने भुगतान करने से इनकार किया तो उन्हें गांव से बहिष्कृत कर दिया गया। महिला रोजगार सहायक ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।
बर्खास्तगी की मांग पर अड़े ग्रामीण, परिसर में पुलिस बल तैनात
ग्रामीण महिला रोजगार सहायक की बर्खास्तगी की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं, रोजगार सहायक ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को लेकर मानसिक प्रताड़ना और गांव से बहिष्कार की बात कही है। दोनों पक्षों के आरोपों के बीच मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग उठ रही है।
जनपद पंचायत परिसर में ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन जारी है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।
Continue With Google
Comments (0)